बंद करे

जनगणना 2027 (प्रथम चरण)

जनगणना 2027 (प्रथम चरण)

 

क्रम संख्या दिनांक स्थान गतिविधि का विवरण फ़ोटो / वीडियो / अन्य मीडिया सामग्री
01 01-05-2026 नगर भवन, सिमडेगा नगर भवन, सिमडेगा में भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सिमडेगा विधायक श्री भूषण बाड़ा, उपायुक्त सिमडेगा श्रीमती कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री श्रीकांत एस. खोटरे, नगर परिषद अध्यक्ष श्री ओलिवर लकड़ा, उपाध्यक्ष श्री दीपक कुमार अग्रवाल, अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेन्द्र, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्रीमती सरोज तिर्की सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री गौरव कुमार द्वारा स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया का विस्तारपूर्वक प्रदर्शन किया गया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित लोगों को जनगणना से जुड़े 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई और उन्हें भरने की विधि समझाई गई। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने स्मार्टफोन के माध्यम से लाइव प्रक्रिया देखते हुए स्व-गणना पूर्ण की। कार्यक्रम में सर्वप्रथम विधायक भूषण बाड़ा ने स्वयं स्व-गणना कर अभियान की शुरुआत की, जिससे उपस्थित लोगों में उत्साह और जागरूकता का संचार हुआ।

अपने संबोधन में विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सही आंकड़ों के आधार पर ही यह तय होता है कि किस क्षेत्र में विद्यालय, अस्पताल, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा आम नागरिकों से जनगणना कर्मियों का सहयोग करने की अपील की।

उपायुक्त सिमडेगा श्रीमती कंचन सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसे जन-अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना में डिजिटल माध्यमों और स्व-गणना की सुविधा से प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सटीक होगी। उन्होंने 1 से 15 मई 2026 तक चलने वाले इस अभियान में सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की और कहा कि यदि लोग स्वयं अपना डेटा दर्ज करेंगे, तो प्रगणकों का कार्य काफी हद तक सरल हो जाएगा। उपायुक्त सभी कार्यालय प्रमुखों से अपील की कि वे अपने-अपने कार्यालयों में स्व-गणना सुनिश्चित कर उसका विवरण उपलब्ध कराएं, ताकि जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके। उपायुक्त महोदय ने स्व-गणना की व्यापक प्रचार प्रसार करने की बात भी कहीं। उन्होंने शिक्षकों के माध्यम से स्कूली बच्चों तक इस जनगणना के बारे में जानकारी देने की बात कही जिस बच्चे अपने घरों में जाकर अपने अभिभावकों एवं माता-पिता को इसकी जानकारी देंगे।

पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना के आंकड़े शासन-प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, जो नीति निर्माण और संसाधनों के उचित आवंटन में सहायक होते हैं। उन्होंने डिजिटल माध्यम के उपयोग को जनगणना की पारदर्शिता और सटीकता बढ़ाने वाला बताया। साथ ही उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनगणना प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की अफवाह या साइबर दुरुपयोग को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र ने कहा कि जनगणना सुशासन की आधारशिला है, जिसके माध्यम से विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुँच सके।

कार्यक्रम के अंत में भूमि सुधार उप समाहर्ता अरुणा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि यह आयोजन जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने एचएलबी डिमार्केशन एवं जियो-टैगिंग कार्य को समय से पूर्व पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना की।

जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि सिमडेगा जिला स्व-गणना अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में एक मिसाल कायम करेगा।

कार्यक्रम के अंत में विधायक एवं उपायुक्त महोदया द्वारा स्व-गणना जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ प्रखंड के विभिन्न ग्रामों तक पहुंचकर स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करेगी एवं जानकारी साझा करेगा। वहीं उपायुक्त महोदया द्वारा स्व-गणना से संबंधित बैलून उड़ाई गई। हस्ताक्षर अभियान में सभी आगंतुकों ने अपने -अपने हस्ताक्षर किए।

कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, आमजन, मीडिया कर्मी एवं प्रशिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

यहाँ क्लिक करें